
पनवारी में किसानों ने पदयात्रा में स्वीकारी परिस्थितियां
छतरपुर। किसान जागरण पदयात्रा 13वें दिन सोमवार को बड़ामलहरा क्षेत्र के ग्राम पनवारी पहुंची। स्थानीय बस स्टेण्ड में किसानों के साथ बैठक में यह बात उभरकर आयी कि खेती से किसानों का भरण-पोषण भी ठीक से नहीं हो रहा। सरकार भले ही खेती को लाभ का धंधा बताने की कोशिश कर रही हो मगर खेती मानसून का जुआ बनकर रह गई है।पनवारी के बस स्टेण्ड में आयोजित किसान बैठक सहित आमसभा में डॉ. मलखान सिंह ने कहा कि हमें अपनी कमजोरियों और बुराईयों को खत्म करना है। फिजूलखर्ची और दिखावे से बचना होगा। पदयात्रा के संयोजक डॉ. दिनेश मिश्र ने स्वास्थ्य पर चर्चा करते हुए कहा कि हमारे समाज में बीमारी के लिए दवा का बड़ा प्रयोग प्रचलित है जबकि बिना दवा के भी स्वास्थ्य को ठीक किया जा सकता है। प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से गंभीर बीमारियों को जड़ से खत्म किया जा सकता है। स्थानीय संयोजक देवेन्द्र लोधी ने यात्रियों की व्यवस्था की। अशोक कुशवाहा ने सभा का संचालन किया। इस मौके पर धनीराम, वीरेन्द्र, कोमल, भगवानदास सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।









