
सामने नहीं आए कारण, जांच में जुटी पुलिस
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पठापुर रोड पर रहने वाले बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक ने बीती रात अपने घर में अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब काफी समय तक कमरे के दरवाजे नहीं खुले तब परिजनों ने जांच की और शव को पंखे पर लटका देखा। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु की गई है।मृतक सौरभ पुत्र बद्री प्रसाद खरे के चचेरे भाई शिवम ने बताया कि सोमवार की रात करीब 10 बजे वह घर आया था लेकिन घर आने के बाद बिना किसी से बात किए अपने कमरे में चला गया। परिजनों को लगा कि सौरभ मानसिक तनाव में है जिस कारण से किसी ने उसे नहीं टोका और सब अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। मंगलवार की सुबह 11 बजे तक जब सौरभ बाहर नहीं आया तो परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया। काफी देर तक जब अंदर से जवाब नहीं आया तो परिजनों को संदेह हुआ और उनके द्वारा कमरे के दरवाजे तोड़े गए, जहां सौरभ पंखे से बने फांसी के फंदे पर लटका मिला। तुरंत सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, जिस पर कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतरवाया। सौरभ ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसके पीछे के कारण अभी सामने नहीं आए हैं, पुलिस बारीकी से मामले की जांच कर रही है।









