छतरपुर। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अबार माता मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के साथ हुई मारपीट की एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, चंद बूंदे पानी भरने और प्रसाद न खरीदने को लेकर दुकानदारों ने श्रद्धालु महिलाओं के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह मामला तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दुकानदार श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसा रहे हैं और महिलाओं को अपमानित किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुड्डी लोधी, मानकुअर, इंद्रा और रूपेश लोधी नामक श्रद्धालु इस घटना के शिकार हुए हैं। यह घटना बमनोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अबार माता मंदिर परिसर की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर में दुकानदारों की दबंगई लंबे समय से जारी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।









