छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 के निवासी आजाद चौरसिया ने पुलिस अधीक्षक अगम जैन के कार्यालय में एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में आजाद ने आरोप लगाया है कि प्रमोद चौरसिया उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और जबरदस्ती अपने ढाबे पर काम करवाना चाहते हैं।आजाद चौरसिया ने बताया कि वे पहले प्रमोद चौरसिया के ढाबे पर काम करते थे, लेकिन अब काम छोडऩा चाहते हैं। इस कारण प्रमोद चौरसिया ने उन पर झूठी एफआईआर थाने में दर्ज करा दी है। उन्होंने कहा प्रमोद चौरसिया मुझे मारने की धमकी दे रहा है और कह रहा है कि ढाबे पर काम करो, नहीं तो घर में भी नहीं रहने दूंगा। उन्होंने मुझे घर से निकाल दिया है। मैं अपने घर में रहता हूं, फिर भी परेशान किया जा रहा है।आजाद ने आगे बताया कि ढाबे पर काम न करने का मुख्य कारण यह है कि उनके बड़े भाई का बेटा 15 साल से वहां काम कर रहा है और निकल नहीं पा रहा। ढाबे पर जुआ खिलवाया जाता है और अवैध शराब का भी कारोबार करवाया जाता है। इसी कारण वे वहां नहीं जाना चाहते, जिससे वे लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं, मारने की धमकी दे रहे हैं और झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने एसपी अगम जैन से निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि इस मामले में सच्चाई सामने आए और उन्हें न्याय मिले।









