
छतरपुर। इन दिनों शहर के विभिन्न इलाकों में बंदरों का आतंक बढ़ रहा है, जिस कारण से लोग बेहद परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद वन विभाग द्वारा बंदरों को पकडऩे की कार्रवाई नहीं की जा रही है। बसारी दरवाजा के समीप रहने वाले भरत अग्रवाल ने बताया कि करीब आधा सैकड़ा बंदर दिन भर घरों की छत पर धमाचौकड़ी मचाते हैं। इस बीच यदि कोई व्यक्ति बंदरों की चपेट में आ जाए तो बंदर हमला करने से भी नहीं चूकते। उन्होंने बताया कि बंदर घर की छतों पर रखे सामान को क्षतिग्रस्त करने के साथ-साथ आम लोगों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ रहा है कि लोग अपने घरों की छत पर जाने में डर रहे हैं। पूर्व में कई बार स्थानीय लोगों ने वन विभाग को बंदरों के आतंक से अवगत कराया किंतु वन विभाग ने इसे रोकने के लिए अभी तक कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किए हैं।









