
तीन दिन पहले साठिया घाटी में दिया वारदात को अंजाम
छतरपुर। तीन दिन पहले बड़ामलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर-कानपुर हाईवे की साठिया घाटी पर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बताया गया है कि उक्त घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूट की रकम के साथ पकड़ा गया है। पकड़े गए लुटेरों में से दो के विरुद्ध पूर्व से भी अपराध दर्ज हैं। गिरफ्तार लुटेरों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।बड़ामलहरा थाना प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह ठाकुर ने बताया कि गत 21 जून को बलराम यादव निवासी भोजपुरा थाना बाजना जिला छतरपुर ने शिकायत करते हुए बताया था कि सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर सिद्ध बाबा मंदिर के पास साठिया घाटी पर अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर 12 हजार रुपए छीन लिए हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना स्तर पर टीम गठित की गई जिसने महज 48 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के भौतिक निरीक्षण, क्षेत्र में मूवमेंट की जानकारी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर शाहगढ़ थाना क्षेत्र के तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया था, जिन्होंने पूछताछ में घटना कारित करना स्वीकार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम पप्पू यादव निवासी ग्राम रिछाई, गंगाराम यादव निवासी ग्राम रिछाई और अकरम खान निवासी शाहगढ़ बताए। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के अलावा 1000 रुपये जब्त किए गए हैं। इसी घटना का एक अन्य आरोपी पुष्पेंद्र यादव निवासी ग्राम बटवाहा थाना शाहगढ़ अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पप्पू यादव पर वर्ष 2019 में मारपीट तथा फरार आरोपी पुष्पेंद्र यादव पर मारपीट व एससी-एसटी के अपराध पूर्व से दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी के अलावा उपनिरीक्षक एलपी दाहिया, प्रधान आरक्षक प्रकाश सिंह, आरक्षक रूद्र तोमर, राजकुमार सेन, रघुनाथ तोमर और सोनू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









