
नौतपा में बढ़ी सूरज की तपन, भीषण गर्मी से मचा हाहाकार
छतरपुर। संपूर्ण जिले सहित छतरपुर शहर में भी इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। आम जनमानस से लेकर पशु-पक्षियों ओर जीव-जंतुओं का गर्मी के कारण बुरा हाल है। हालात यह है कि सुबह 10 बजे से ही सड़कें सूनसान हो रही हैं और लोग सुबह-शाम ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। छतरपुर शहर के मंदिरों में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मंदिर समितियों ने मंदिरों में विराजमान देवी-देवताओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।पुलिस लाइन परिसर के समीप स्थित श्री लड्डू गोपाल मंदिर में भक्तों के द्वारा भगवान के लिए एसी की व्यवस्था कराई है। मंदिर के पुजारी बागीश शर्मा ने बताया कि जिस तरह से हम लोगों को गर्मी सता रही है उसी तरह से मंदिर में विराजमान भगवान लड्डू गोपाल को भी गर्मी सताती है, ऐसे में भक्तों ने अपने आराध्य के लिए मंदिर में एसी की व्यवस्था कराई है। इसके साथ ही भगवान लड्डू गोपाल की पूजा में मटके के ठंडे जल का उपयोग किया जा रहा है, उन्हें ठंडे पदार्थ जैसे रबड़ी, लस्सी आदि का भोग सुबह-शाम लगाया जा रहा है। श्री शर्मा ने लोगों से अपील की है कि अपने साथ-साथ पशु-पक्षियों की भी चिंता करें, अपने आसपास सकोरे टांगें और टंकियां रखकर उनमें पानी भरें ताकि पशु-पक्षियों को भी पानी मिल सके।









