
सांसद प्रतिनिधियों ने प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप
छतरपुर। पिछले दो दिनों से भाजपा में अंतकर्लह की स्थिति बनी हुई है जो थमने का नाम नहीं ले रही है। भाजपा वरिष्ठ नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच सोमवार को महाराजपुर विधानसभा के सांसद प्रतिनिधियों ने जिला मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूर्व मंत्री मानवेन्द्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले पूर्व मंत्री मानवेन्द्र सिंह ने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री लालदीवान अहिरवार के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिना किसी का नाम लिए क्षेत्रीय सांस्द डॉ. वीरेन्द्र कुमार पर भाजपा विरोधी लोगों को सांसद प्रतिनिधि बनाने के आरोप लगाए थे, जिसका छतरपुर विधायक ललिता यादव द्वारा समर्थन किया गया था। इन आरोपों पर गत रोज सांसद वीरेन्द्र कुमार ने पलटवार किया था।सांसद प्रतिनिधियों ने पूर्व मंत्री पर लगाए यह आरोपसोमवार को जिला मुख्यालय पर एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महाराजपुर विधानसभा के खनिज विभाग के सांसद प्रतिनिधि लोकेंद्र सिंह, शासकीय कॉलेजों के सांसद प्रतिनिधि दिनेश दीक्षित, नगर परिषद सांसद प्रतिनिधि दिनेश रावत, जनपद पंचायत नौगांव के सांसद प्रतिनिधि हरिश्चंद्र दुबे और सहकारिता विभाग के सांसद प्रतिनिधि चिरंजीलाल निरंजन ने महाराजपुर विधानसभा के पूर्व विधायक तथा पूर्व मंत्री मानवेन्द्र सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए। सांसद प्रतिनिधियों ने कहा कि मानवेन्द्र सिंह द्वारा उनके कार्यकाल में किया गया तालाब घोटाला बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के चारा घोटाले से भी बड़ा है। सांसद प्रतिनिधियों ने जिनके अपने घर कांच के होते हैं, वे दूसरे के घरों पर पत्थर नहीं फेका करते। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद प्रतिनिधियों ने अपने ऊपर दर्ज अपराधों की फाइलें की दिखाते हुए कहा कि कुछ ही केस उन पर वर्तमान में चल रहे हैं जो कि फर्जी हैं, इसके अलावा कुछ अन्य केस थे जो सभी निराधार साबित हुए हैं। उन्होंने मानवेन्द्र सिंह पर आरोप लगाया कि वे हमेशा से फर्जी केस लगवाने में माहिर रहे हैं, कई लोगों उनके द्वारा झूठे प्रकरण दर्ज कराए गए हैं। सांसद प्रतिनिधियों ने कहा कि मानवेन्द्र सिंह अपने द्वारा लगाए गए आरोप को सिद्ध कर दें, या फिर यह साबित कर दें कि सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने विधायक के कार्य में हस्ताक्षेप किया है तो हम सभी तुरंत राजनीति से सन्यास ले लेंगे।









