
महिलाओं और बुजुर्गों ने भी जमकर किया मतदान
छतरपुर। लोकसभा निर्वाचन-2024 के दूसरे चरण में छतरपुर जिले के तीनों लोकसभा क्षेत्र टीकमगढ़, दमोह और खजुराहो में सुबह 7 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ जो शाम 6 बजे तक चलता रहा। हालांकि छतरपुर जिले में इन दिनों गर्मी का भीषण प्रकोप है। सुबह से दोपहर तक पारा लगभग 40 के करीब रहा इसके बावजूद लोगों ने पिछले चुनावों के मुकाबले अधिक मतदान किया। खबर लिखे जाने तक मतदान के सही आंकड़े एकत्रित नहीं हो सके थे लेकिन अनुमान के मुताबिक जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों पर बनाए गए मतदान केन्द्रों में औसतन 65 फीसदी के आसपास मतदान किया गया। मतदान के लिए महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साह के साथ घरों से निकले। कलेक्टर संदीप जीआर, डीआईजी ललित शाक्यवार और पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में लगभग 4 हजार सुरक्षाकर्मियों और 6 हजार से अधिक मतदानकर्मियों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में अपना दायित्व निभाया। जिले में कहीं भी हिंसा से जुड़ी कोई खबर सामने नहीं आयी। हालांकि कुछ स्थानों पर धीमी वोटिंग और तकनीकी खराबी से जुड़े मामले सामने आते रहे।








