
छतरपुर। पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने के लिए महर्षि विद्या मंदिर देरी रोड शैक्षणिक संस्था के विद्यार्थी मनोज पाठक के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचे, जहाँ पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह द्वारा पुलिस संबंधी सभी शाखाओं का भ्रमण कराते हुए कार्यालय के पुलिस अधिकारी से परिचय करवाया गया। कार्यक्रम में महिला पुलिस अधिकारी द्वारा महिला संबंधी अपराध से बचाव, गुड टच एवं बैड टच के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी गयी साथ ही साइबर अपराधों से बचाव हेतु उपयोग में आने वाली डिवाइस का सही प्रयोग, अनावश्यक वेब लिंक एवं हाइपरलिंक में क्लिक न करें यह भी बताया गया। ऑनलाइन गेमिंग बहुत सोच समझ कर खेलें, सोशल मीडिया में अपना पर्सनल डाटा शेयर न करें और न ही कोई प्लानिंग शेयर करने के लिए समझाइश दी गयी।
इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं पुलिस आकस्मिक सेवा हेल्पलाइन नंबर 100/ 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर भी विद्यार्थियों को साझा किए गए। इसके साथ ही यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत द्वारा सड़क दुर्घटना से बचाव हेतु यातायात नियमों का पालन करने हेतु बताया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह द्वारा सम्मिलित सभी छात्र-छात्राओं को शिक्षा संबंधी मूल मंत्र बताते हुए आदर्श नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया गया। विद्यालय प्राचार्य सीके शर्मा ने बताया कि विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को इस प्रकार की विजिट निरंतर कराई जाती है ताकि वे विभिन्न सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को समझ सके।








