
दुर्घटनाओं की संभावना, जिम्मेदार बेखबर
नौगांव। नगर के ईशानगर चौराहे से बुंदेलखंड पेट्रोल पंप के बीच में राष्ट्रीयकृत एवं प्राइवेट सहित 9 से अधिक बैंक संस्थान संचालित हैं लेकिन किसी भी बैंक के पास पार्किंग सुविधा नहीं है, परिणामस्वरूप ग्राहकों के सड़क पर ही अपने वाहन पार्क करने पड़ रहे हैं और प्रतिदिन जाम की समस्या निर्मित हो रही है। इसके साथ ही सड़क पर वाहन खड़े होने से अप्रिय घटनाओं की भी संभावना बनी हुई है, बावजूद इसके जिम्मेदार बेखबर हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नगर के छतरपुर रोड पर एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, श्रीराम फाइनेंस, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस, मणप्पुरम फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा फाइनेंस सहित अन्य कई बैंक और फाइनेंस कंपनियों के कार्यालय संचालित हो रहे हैं। इन बैंकों में प्रतिदिन हजारों की तादाद में जमा निकासी, किस्त जमा करने, बीमा की प्रीमियम सहित अन्य लेनदेन करने के लिए लोग आते हैं, लेकिन बैंक संस्थानों के बाहर पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। बैंक संस्थानों की लापरवाही के चलते प्रतिदिन सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है, जिसको लेकर कई बार स्थानीय रहवासियों एवं वाहन चालकों ने पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन से शिकायत की है, हालांकि इससे कोई समाधान नहीं निकला है। इसके साथ ही आए दिन बैंकों के बाहर से वाहन चोरी होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। बैंकों के भले ही सीसीटीवी कैमरे लगे हों जिनमें चोर कैद हो जाते हैं लेकिन बाद में चोर पकड़े नहीं जाते।
नगर में किसी भी बैंक के पास नहीं है पार्किंग व्यवस्था
गौरतलब है कि नौगांव शहर में राष्ट्रीयकृत, प्राइवेट, सहकारी, बीमा सहित कुल 18 बैंकिंग संस्थान संचालित हैं, जिनमें से किसी के पास भी पार्किंग नहीं है। हालांकि छतरपुर रोड पर मेला ग्राउंड के पास संचालित केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक के भवन और सड़क के मध्य दूरी होने के कारण पार्किंग की की समस्या नहीं होती है, लेकिन पार्किंग व्यवस्था इनके पास भी नहीं है। स्टेट बैंक की मेन ब्रांच के पास भी स्वयं की पार्किंग नहीं है। पूर्व में स्टेट बैंक के पास पार्किंग व्यवस्था थी लेकिन बैंक ने खाली पड़ी जगह का अन्य कार्यों में उपयोग कर लिया जिस कारण से अब ग्राहकों को मजबूरी में सड़क पर वाहन खड़े करना पड़ रहे हैं। कोठी चौराहे के पास स्थित जिला सहकारी बैंक के पास तो पार्किंग के नाम पर कोई स्थान भी नहीं है। इसी तरह स्टेट बैंक सिटी ब्रांच, मध्यांचल ग्रामीण बैंक, मध्यांचल ग्रामीण मंडी शाखा, भारतीय जीवन बीमा निगम शाखा, इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक सहित शहर के किसी भी बैंकिंग संस्थान के पास पार्किंग नहीं है।
इनका कहना
बैंकों के बाहर से वाहन चोरी होने की शिकायतें कई बार मिलती हैं, इसका मुख्य कारण है बैंकों के पास व्यवस्थित पार्किंग न होना। बैंक के अधिकारियों से बात कर इसके निराकरण के संबंध में चर्चा करेंगे।
सतीश सिंह, प्रभारी, थाना नौगांव
बैंक संस्थानों के बाहर व्यवस्थित पार्किंग के लिए बैंक अधिकारियों और भवन मालिकों को नोटिस जारी करेंगें।
नीतू सिंह, सीएमओ, नगर पालिका परिषद, नौगांव








