हरपालपुर। नगर परिषद की लापरवाही के चलते इन दिनों लोगों के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है, जिससे लोग परेशान है। बताया गया है कि नगर के वार्ड नंबर 11 में गंदगीयुक्त बदबूदार पानी की सप्लाई की जा रही है, जिसका इस्तेमाल करने से लोग बीमार हो सकते हैं। वार्ड 11 के निवासी नरेंद्र सक्सेना ने बताया कि वार्ड के गल्र्स स्कूल के पास नगर परिषद द्वारा एक नाला का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। खुदाई के कारण नालियों का गन्दा पानी पाइप लाइन में भर रहा है, और यही पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। वार्ड के लोगो ने शिकायत करते हुए नगर परिषद से निराकरण करने की गुहार लगाई है। वार्डवासियों के अनुसार पिछले दिनों से उन्हें गंदा पानी मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में नगर के अधिकांश वार्डों में बनी नालियां गंदगी से भरी हुई हैं, जिनकी सफाई न होने के कारण लोगों को विभिन्न तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।








