
पीडि़त ने दर्ज कराई रिपोर्ट, सख्त कार्यवाही की मांग
छतरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को तीन शराबी युवकों ने मिलकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी। घायल युवक ने कोतवाली थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपियों पर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।
पीडि़त गौरीशंकर अहिरवार निवासी अमानगंज मोहल्ला ने बताया कि वह कैटरिंग का कार्य करता है। शनिवार को वह शंकरगढ़पुरवा में रहने वाले अपने एक सहयोगी को लेने के लिए उसके घर गया था। घर के बाहर से उसने अपने सहयोगी को आवाज लगाई। इसी बीच पास में बैठे शराब पी रहे तीन युवकों में से एक उठकर उसके पास और बिना किसी कारण के गाली-गलौज करने लगा। जब गौरीशंकर ने उसका विरोध किया तो उसके दो अन्य साथी भी आ गए और इसके बाद तीनों ने मिलकर लात-घूंसों तथा डंडों से उसके साथ मारपीट कर दी। गौरीशंकर के मुताबिक जिन युवकों ने उसके साथ मारपीट की है उनके नाम हल्लू, कल्लू और शनि हैं। गौरीशंकर ने उक्त तीनों के विरुद्ध कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।








