
सुबह तक परशुराम-लक्ष्मण का चला संवाद
छतरपुर। चंदला नगर में बीती रात एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान धनुष यज्ञ की लीला का मंचन किया गया। इस लीला का शुभारंभ उप्र के भाजपा के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. प्रभाकर अवस्थी की उपस्थिति में किया गया। अन्य अतिथियों के रूप में पूर्व ब्लाक प्रमुख राजकुमार गौतम, पंकज गौतम, उरहा प्रधान मनोज द्विवेदी उपस्थित रहे। धनुष टूटने के बाद भगवान परशुराम और कुमार लक्ष्मण के बीच सुबह तक संवाद चलता रहा। साहित्य से परिपूर्ण संवादों को सुनकर सुधि श्रोता सुबह तक डटे रहे।
समीपी जिला बांदा अंतर्गत अतर्रा डिग्री कॉलेज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष श्रवण तिवारी एवं तिंदवारी निवासी समाजसेवी वीरेन्द्र द्विवेदी के ज्येष्ठ पुत्रों का देवीपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। चंदला में आयोजित इस कार्यक्रम के अवसर पर बस्ती में स्थित प्राचीन मंदिर के समीप बगिया वाले प्रांगण में एक दिवसीय धनुष यज्ञ लीला का मंचन किया गया। उत्तर भारत के चोटी के कलाकारों ने लीला का मंचन किया। कानपुर से आए सर्वेश दीक्षित ने भगवान परशुराम का अभिनय किया वहीं रविकांत तिवारी छुन्नाबनी ने लक्ष्मण का अभिनय किया। दोनों के बीच दिन चढ़े तक संवाद चलता रहा। शास्त्र सम्मत तर्कों के साथ दोनों कलाकार अपनी बातें रखते रहे। अपनी-अपनी बात मजबूती के साथ उपस्थित जनसमूह के सामने रखते समय शास्त्रोकक्त उदाहरण भी प्रस्तुत किए। उपस्थित सुधि श्रोताओं ने लीला का आनंद उठाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लीला प्रेमी मौजूद रहे। विदुषक की भूमिका सत्यम शर्मा बांदा और जनक का अभिनय अमित शुक्ला कानपुर ने किया। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अर्जुन मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष कार्यवाह आरएसएस रामदेव दीक्षित ने मंच संचालन किया।








