
थाने में हुई शिकायत, पीड़ित महिला जिला अस्पताल में भर्ती
छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम श्यामरा से एक व्यक्ति द्वारा चरित्र संदेह के चलते अपनी ही पत्नी को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है। घायल महिला को उसकी मां छतरपुर जिला अस्पताल लाई, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। पीड़ित महिला संपत अहिरवार ने बताया कि करीब 10 पूर्व उसका विवाह टीकमगढ़ जिले में हुआ था और शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति ने उसे छोड़ दिया था। पहली शादी से संपत को एक बेटी भी थी। इसके बाद करीब 9 माह पूर्व उसके माता-पिता ने गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामरा निवासी 32 वर्षीय अशोक अहिरवार के साथ उसका पुर्नविवाह कराया था। संपत के मुताबिक शादी के बाद से ही उसका पति उसके ऊपर शक करता था। बीते रोज जब वह नित्यक्रिया के लिए गई और कुछ देर में वापिस लौटी तो उसके पति अशोक ने उसे कमरे में बंद कर लिया और इसके बाद पूरी रात उसके साथ डंडे और लात-घूंसों से मारपीट की। संपत के मुताबिक उसके पति अशोक को उसके ऊपर चरित्र संदेह है, जिसके चलते उसने मारपीट की है। सुबह के वक्त संपत ने पूरी घटना अपनी मां को बताई जिसके बाद मां उसे लेकर गढ़ीमलहरा थाने गई। थाने में रिपोर्ट लिखाने के बाद संपत को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।








