
जिला अध्यक्ष और महामंत्री ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी
छतरपुर। आगामी 29 अगस्त को विश्व हिन्दू परिषद की स्थापना दिवस के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद महाकौशल प्रांत के पदाधिकारियों द्वारा खंड एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर स्थापना दिवस मनाने की रणनीति बनाई गई है। शनिवार को शहर के महोबा रोड पर ?स्थित एक विवाह घर में परिषद के जिला अध्यक्ष और महामंत्री ने पत्रकार वार्ता का आयोजन कर कार्यक्रम की रूपरेखा बताई।विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री रामगोपाल यादव ने बताया कि 6 दशक पहले 29 अगस्त 1964 को स्वामी चिन्मयानंद ने मुंबई के संदीपनी आश्रम में विश्व हिंदू परिषद का गठन किया था। संगठन का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित कर सनातन परंपरा का संरक्षण करना था। इसी सूत्र वाक्य पर पिछले 6 दशक से संगठन पूरे देश में काम करते आ रहा है। संगठन की 60 वर्षों की यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस बार खंड एवं जिला स्तर पर स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसकी तैयारियां लगातार की जा रही हैं।









