
रनेह फॉल में मैं भी बाघ थीम पर आयोजित हुआ अनुभूति कैंप
छतरपुर। मध्यप्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड भोपाल के तत्वाधान में आम जनमानस के भीतर पर्यावरण, पारिस्थितिक तंत्र और वनों के प्रति चेतना विकसित करने के उद्देश्य से स्कूली विद्यार्थियों की मौजूदगी में शुक्रवार को अनुभूति कैंप का आयोजन राजनगर जनपद के पर्यटक स्थल रनेह फॉल में संपन्न हुआ। मैं भी बाघ थीम पर आयोजित इस कैंप के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार रहे। उन्होंने उपस्थिति छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइफ मिशन से प्रेरित होकर प्रदेश सरकार वर्ष 2014 से अनुभूति कार्यक्रम का निरंतर क्रियान्वयन कर रही है, जिसका उद्देश्य आप लोगों को पर्यावरण, हमारे पारिस्थितिक तंत्र, वन एवं वन्य जीवों की रक्षा हेतु जागरुक करना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह एक बाघ अपनी जरूरतों के हिसाब से जंगल में उपलब्ध साधनों का उपयोग करता है, उसी प्रकार से हमें भी अपनी आवश्यकतानुसार पर्यावरण का दोहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाघों और जंगलों का संरक्षण ही संपूर्ण मानव जाति का संरक्षण करना है। कार्यक्रम में खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष अरुण अवस्थी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।








