
रंगारंग प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ संभागीय युवा उत्सव का हुआ समापन
छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय, छतरपुर में आयोजित तीन दिवसीय संभागीय युवा उत्सव का तीसरे दिन 19 जनवरी शनिवार को रंगारंग समापन हुआ। इस अवसर पर सामूहिक नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त टीम की शानदार प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सभी 22 विधाओं के विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं। मीडिया प्रभारी डॉ. एसपी जैन एवं सहा. प्रभारी डॉ. एनके पटेल ने बताया कि युवा उत्सव का समापन समारोह राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के मुख्य आतिथ्य एवं कुलपति प्रो. शुभा तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नपाध्यक्ष ज्योति चौरसिया, कार्यपरिषद सदस्य राधे शुक्ला राधे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समापन समारोह में प्रति कुलपति डॉ. डीपी शुक्ला, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ आरके पांडे, युवा प्रभारी डॉ ममता बाजपेई, डीसीडीसी डॉ ओपी अरजरिया सहित सभी प्राध्यापकगण कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। युवा उत्सव के तीसरे दिन 19 जनवरी को शेष बची तीन विधाएं कोलाज, एकल नृत्य तथा समूह नृत्य की प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। समापन समारोह के प्रारंभ में संगीत विभाग की छात्राओं ने सरस्वती वंदना तथा विश्वविद्यालय गान प्रस्तुत किया। प्रति कुलपति डॉ डीपी शुक्ला ने स्वागत उद्बोधन दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी प्रो. ममता बाजपेई ने तीन दिवसीय युवा उत्सव का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सभी के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि मैंने अभी बुंदेली प्रस्तुत देखी जो हमारे बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान और गौरव है। युवा इसे आगे बढ़ाने हेतु आगे आएं। हम सभी को अपनी संस्कृति और महापुरुषों हमेशा याद रखना है। इसके अलावा कुलपति प्रो. शुभा तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री और ज्योति चौरसिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। 22 विधाओं की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिले पुरस्कार
युवा उत्सव के समापन समारोह के दूसरे चरण में युवा उत्सव की सांगीतिक,साहित्यिक सांस्कृतिक एवं रूपांकन संबंधी 22 विधाओं की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कृत किया एवं राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शानदार प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दी। संभाग स्तरीय युवा उत्सव की हुई 22 विधाओं की प्रतियोगिताओं के परिणामोंकी घोषणा मंच से की गई तथा इन्हें अतिथियों ने पुरस्कृत किया। परिणामों के अनुसार वक्तृता स्पर्धा में शैलेंद्र जैन, एकल बादल परकुशन में प्रशांत पाठक, एकल वादन नॉन परकुशन में हर्ष पटेल, एकल गायन सुगम में दिव्या नायक, एकल गायन शास्त्रीय में ऐश्वर्या दुबे, एकल गायन पाश्चात्य में खुशी लिटोरिया, मिमिक्री में आफरीन बानो ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इसी प्रकार स्किट, एकांकी, रंगोली एवं समूह गायन पाश्चात्य स्पर्धा में शासकीय कन्या कॉलेज सागर ने प्रथम, समूह गायन भारतीय में एमसीबीयू छतरपुर ने प्रथम, स्पॉट पेंटिंग में सरगम निरंजन ने प्रथम, क्लेमॉडलिंग में सीमा प्रजापति, पोस्टर निर्माण स्पर्धा में मेघा निरंजन ने प्रथम, वाद-विवाद स्पर्धा के पक्ष में आकांक्षा शुक्ला एवं विपक्ष में तृप्ति शिवहरे ने अपने जोरदार तर्कों से प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रश्न मंच स्पर्धा में एमसीबीयू छतरपुर के दल ने पहला पुरस्कार प्राप्त किया। मूक अभिनय में शासकीय पीजी कॉलेज दमोह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्टूनिंग स्पर्धा में मुस्कान कुशवाहा, कोलाज में स्नेहा तिवारी प्रथम रहीं। एकल नृत्य शास्त्रीय में नंदनी केशरवानी प्रथम रहीं। समूह लोक नृत्य में एमसीबीयू छतरपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर ने सर्वाधिक 11 प्रथम पुरस्कार पाकर संभाग में पहला स्थान, सागर जिले ने 7 प्रथम पुरस्कार पाकर द्वितीय स्थान एवं दमोह जिले में चार प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया है। पुरस्कार वितरण के इस दूसरे चरण का संचालन डॉ विभा वासुदेव ने किया। अंत में डॉ आरके पांडे ने सभी का आभार माना। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सोल्लास समापन हुआ। अब संभाग में प्रथम स्थान पाने वाले विजेता 23 से 25 फरवरी तक जीवाजी यूनिवर्सिटी, ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय युवा उत्सव में अपना हुनर दिखाएंगे।








