
तीन स्पर्धाओं के साथ आज होगा युवा उत्सव का भव्य समापन
छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय छतरपुर में संभागीय युवा उत्सव के दूसरे दिन गुरुवार 18 जनवरी को सागर संभाग के सभी जिलों से आए प्रतिभागियों की सात विधाओं की रंगारंग प्रतियोगिताएं संपन्न हुई। तीन दिवसीय संभागीय युवा उत्सव का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आज 19 जनवरी को दोपहर एक बजे वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के मुख्य आतिथ्य तथा कुलपति प्रो शुभा तिवारी की अध्यक्षता में शताब्दी परिसर में होगा।मीडिया संयोजक डा सुमति प्रकाश जैन ने बताया कि युवा उत्सव के दूसरे दिन कुलपति प्रो शुभा तिवारी, रजिस्ट्रार श्री यशवंत सिंह पटेल एवं युवा उत्सव प्रभारी डा ममता बाजपेयी एवं उनकी सक्रिय टीम के मार्गदर्शन में सात विधाओं की प्रतियोगिताएं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। दूसरे दिन 18 जनवरी गुरुवार को समूह गायन(भारतीय एवं पाश्चात्य) स्पर्धा डा विभा वासुदेव के संयोजन में, पोस्टर निर्माण डा एसके छारी के संयोजन में,कार्टूनिंग प्रतियोगिता डा बीएल कुम्हार के संयोजन में, एकांकी स्पर्धा डा एनपी प्रजापति के संयोजन में , मूक अभिनय प्रतियोगिता डा बीके अग्रवाल के संयोजन में तथा रंगोली स्पर्धा डा मंजूषा सक्सेना के संयोजन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सभी विधाओं के संयोजकों और उनकी टीम ने प्रतियोगिताओं के सरस आयोजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इन प्रतियोगिताओं में संभाग भर से आए प्रतिभागियों ने अपनी कला का उम्दा प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। समूह गायन स्पर्धा के प्रतिभागियों ने हिंदी और अंग्रेजी गीतों की शानदार प्रस्तुति से प्रभावित किया। पोस्टर निर्माण तथा कार्टूनिंग स्पर्धा में प्रतिभागी कलाकारों ने अपनी कल्पनाशीलता का परिचय बखूबी दिया। एकांकी प्रतियोगिता में भी कलाकार छात्रों ने अपने अभिनय की कला को प्रस्तुत कर तारीफें पाईं। मूक अभिनय स्पर्धा में विभिन्न जिलों से आई टीमों ने बिना बोले ही अपने कुशल मूक संप्रेषण से सटीक संदेश दिया, जिसे सभी ने सराहा। रंगोली स्पर्धा में प्रतिभागियों ने रंगबिरंगी रंगोली से कला के रंग बिखेर कर खूब वाहवाही पाईं। सभी सांगीतिक और सांस्कृतिक विधाओं की रिहर्सल और सहयोग का दायित्व संगीत विभाग के डा बाबूलाल सिंह तथा शैलेंद्र वर्मा ने निभाया।









