छतरपुर। शहर में अनियंत्रित ट्रैक्टरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार की सुबह एक बार फिर जवाहर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर, ट्रक से टकराया गया। इस जोरदार भिड़ंत में ट्रक का चालक और सहयोगी गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें समाजसेवियों ने अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक जवाहर रोड पर सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक ट्रक बस स्टैंड की ओर जा रहा था तभी पठापुर तिराहे के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रैक्टर, ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक और उसके सहयोगी को गंभीर चोटें आईं। मौके से गुजर रहे भाजपा युवा मोर्चा के नेता और समाजसेवी अंचल जैन ने अपने साथियों के साथ तुरंत घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शहरवासियों ने ट्रैक्टरों की अनियंत्रित रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग जिला प्रशासन से की है।









