
प्रभारी कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक
पन्ना। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संघ प्रिय की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई राजनैतिक दलों के अध्यक्ष और प्रतिनिधियों की बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इस मौके पर 6 जनवरी को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची सहित 22 जनवरी तक निर्धारित प्रारूप पर नाम जुड़वाने, हटाने व संशोधन प्रक्रिया के लिए आवेदन, दावा-आपत्ति प्राप्त करने के बारे में बताया गया। अध्यक्ष व उपस्थित प्रतिनिधियों से आवश्यक सुझाव भी प्राप्त किए गए। विधानसभावार मतदाता सूची का निःशुल्क सेट एवं सीडी भी वितरित की गई।प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि राजनीतिक दल अपने अपने बीएलए नियुक्त कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने में सहयोग प्रदान करें और ब्लॉक लेवल अधिकारी से सतत संपर्क व समन्वय के साथ कार्य करते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं हटाने का कार्य शुद्धतापूर्वक पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज सभी विधानसभाओं की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। 13 जनवरी एवं 20 जनवरी को विशेष कैम्प की तिथि निर्धारित की गई है, जिसमें भी नाम जोड़े एवं काटे जाने के आवेदन पत्र व आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त आवेदन पत्रों का निराकरण 2 फरवरी तक किया जाएगा। इसके पश्चात् निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 8 फरवरी को होगा। इसके लिए जिले के प्रत्येक मतदान केन्द्र पर कार्यालयीन समय पर बीएलओ उपस्थित रहेगें। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता भी सूची में नाम जुड़वा सकेंगे। इसके अलावा इस वर्ष एक अप्रैल, एक जुलाई एवं एक अक्टूबर की स्थिति में 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा अग्रिम रूप से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। 06 जनवरी 2024 की स्थिति में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुल मतदाताओं की संख्या 7 लाख 64 हजार 952 है। इनमें 4 लाख 4 हजार 405 पुरूष, 3 लाख 60 हजार 543 महिला और 4 अन्य मतदाता हैं। कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 901 है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाम्बर मिश्र ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं के नाम जोड़े जाने एवं मृत व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम काटे जाने के लिए उपरोक्त कार्यक्रम जारी किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार नवीन पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाने एवं मृत-स्थानांतरित मतदाताओं के नाम काटे जाने हेतु सभी राजनैतिक दलों से अनुरोध है कि वे बीएलए के माध्यम से ऐसे मतदाताओं के नाम जोड़ने अथवा काटे जाने हेतु अपने क्षेत्र के बीएलओ को अवगत कराने का कष्ट करें, ताकि उनके आवेदन पत्र प्राप्त कर कार्यवाही की जा सके और मतदाता सूची का शुद्धिकरण हो सके। बैठक में संयुक्त कलेक्टर के.एस. गौतम एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक उमाशंकर दुबे भी उपस्थित थे।









