
मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर की पद बढ़ाने की मांग
छतरपुर। उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 के लिए पात्र हो चुके युवाओं ने पदों में वृद्धि की मांग की है। मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पद बढ़ाने की मांग करते हुए अवगत कराना चाहा कि जिस तरह से पद स्वीकृत हुए हैं उससे आरक्षण सहित अन्य सभी बिन्दुओं को ध्यान में रखकर 6 से 8 पद ही आ रहे हैं। 20 हजार पद बढ़ाकर वेटिंग क्लीयर करने की मांग की गई है।वेटिंग शिक्षक संघ वर्ग-1 के नाम से गठित संगठन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर पद बढ़ाने की मांग उठाई है। युवाओं का कहना है कि कोरोनाकाल की वजह से पांच साल बाद वर्ग-1 की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई, कई युवा साथी ओवरएज हो गए हैं तथा परीक्षा देने में भी असमर्थ हैं। पात्रता परीक्षा पास करने के बाद मुख्य परीक्षा भी उनके द्वारा पास कर ली गई है। वर्ग-1 के अंतर्गत 16 अलग-अलग विषयों के लिए सिर्फ 8720 पद दिखाए गए हैं जिसमें से 5052 पद फ्रेशर के लिए हैं। वर्ग-1 के रोस्टर में लगभग 45 प्रतिशत बैकलॉग के हैं, ऐसी स्थिति में कैटेगिरी के अनुसार सिर्फ 6 से 8 पद ही आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शिक्षक भर्ती 2018 में 22 हजार पद दर्शाए गए थे लेकिन पांच साल बाद चयन परीक्षा के दौरान सिर्फ 5052 पद ही दिखाए जा रहे हैं जबकि परीक्षार्थियों एवं युवाओं की संख्या में काफी वृद्धि हो गई है इसलिए पद बढ़ाना युवाओं के हित में होगा। जिला प्रशासन के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन के दौरान राहुल जैन, विजयकांत विश्वकर्मा, चन्द्रप्रकाश साहू, हरिशचन्द्र, अनंत तिवारी, अनिल प्रजापति, विवेक अहिरवार, ब्रजेश अहिरवार, सचिन शुक्ला, विपिन अवस्थी, राकेश चौरसिया, अरविंद रैकवार, अरविंद प्रजापति, शाहीन कुशवाहा, प्रगति, सुमन अहिरवार सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।









