लवकुशनगर। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार नगर में विकासखंड स्तरीय दो दिवसीय आदि कर्म योगी अभियान के तहत रेस्पॉन्सिव गवर्नेंस ग्रुप ओरिएंटेशन एवं वर्कशॉप का आयोजन जनपद पंचायत सभागार में किया गया। कार्यशाला के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ब्लॉक मास्टर ट्रेनर द्वारा ग्राम स्तर पर कार्य करने तथा विलेज एक्शन प्लान तैयार करने की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
सभी विकासखंड मास्टर ट्रेनर्स के द्वारा अभियान अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आवश्यक जानकारियां दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं ग्राम स्तर के कर्मचारियों तथा क्षेत्रीय एसएचजी महिलाओं को सेवा समर्पण एवं संकल्प की भावना के साथ कार्य करते हुए अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया। विकासखंड लवकुश नगर अंतर्गत ग्राम पंचायत राजापुर के ग्राम टिकटाई में आदि सेवा केंद्र का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। कार्यशाला में ब्लॉक मास्टर ट्रेनर विक्रम सिंह, जीडी सोनकिया, सुनील अहिरवार, पीसी प्रजापति, यूएस भडेरिया एवं मयंक सैनी की सहभागिता रही। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।










