
छतरपुर। जिले के राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को क्षय रोगियों के लिए खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशवंत बमोरिया के निर्देशन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजनगर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को ऑनलाइन आयुष्मान मित्र बनाया गया, जिन्होंने एक या दो मरीजों को गोद लिया है। संबंधित प्रतिनिधि अब से अगले 6 माह तक गोद लिए गए मरीजों को हर माह पोषण किट देंगे और उनका समुचित इलाज कराने में सहयोग करेंगे।कार्यक्रम के दौरान 10 मरीजों को पोषण किट दी गई, जिसमें आटा, दलिया, तेल, दाल आदि सामग्री शामिल थी। इसके साथ ही मरीजों को नियमित दवा का सेवन करने, दिक्कत होने पर चिकित्सक की सलाह लेने की समझाइश दी गई। मरीजों को शासन की ओर से प्रतिमाह मिलने वाले 1 हजार रुपए के आर्थिक अनुदान संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई। मरीजों को गोद लेने वाले जनप्रतिनिधियों में टिकरी सरपंच बृजगोपाल अवस्थी, धवाड़ सचिव संजय मिश्रा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजनगर श्रीमती रचना पटैरिया, सृजन संस्था के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संजय चौबे , पूर्व सरपंच एवं पत्रकार सुनील पांडे, बमीठा सरपंच प्रवीण जैन, बाहरपुरा सरपंच मुकेश शुक्ला, पहाड़ी सरपंच जगन्नाथ पटेल आदि शामिल हैं। कार्यक्रम में डॉ. ऋतुषा शर्मा, डॉ. आशीष चतुर्वेदी, मेडिकल अस्सिटेंट डॉ. एसके पांडे, सुपरवाइजर एसके मिश्रा, कृष्णस्वरूप नागर, एमएल परते आदि उपस्थित रहे।








