हरपालपुर में थाना के पास पुलिस लाइन गेट के निकट खड़ा एक पुराना विशालकाय वृक्ष अचानक गिर पड़ा, जिससे दो गुमटियां और उनका सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वृक्ष के गिरने से बिजली के तार टूट गए, जिसके कारण पुलिस कॉलोनी और आसपास के इलाके में घंटों बिजली गुल रही। मुख्य सड़क पर भी कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हरपालपुर थाना से चंद कदम दूर पुलिस लाइन गेट के पास खड़े सालों पुराने चिल्ला के विशालकाय वृक्ष के नीचे भगवान दास साहू दो गुमटियां लगाकर किराना और साइकिल पंक्चर की दुकान चला रहे थे। आसपास के लोग भी धूप से बचने के लिए इसके नीचे अक्सर बैठते हैं। दोपहर में स्थानीय लोगों ने वृक्ष के जड़ों के कमजोर होने और गिरने के खतरे की सूचना नगर परिषद और बिजली विभाग को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अचानक वृक्ष भरभरा कर गिर पड़ा, जिससे जोरदार धमाके के साथ बिजली के तार टूट गए। इसकी चपेट में आने वाली दोनों गुमटियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, नगर परिषद का अमला, मुख्य नगरपालिका अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान और बिजलीकर्मी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन से वृक्ष को मुख्य सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया। नगर परिषद के सफाईकर्मियों ने कटर मशीन से टहनियां काटकर रास्ता साफ किया, जबकि बिजलीकर्मियों ने तारों की मरम्मत में जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूचना देने के दो घंटे बाद भी अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।










