लवकुशनगर। लगभग 25 वर्षों से लवकुशनगर को जिला बनाने की मांग लगातार उठाई जा रही है। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय लोग कई बार सरकार तक अपनी बात पहुंचा चुके हैं। यहां तक कि पहले भी मुख्यमंत्री के जिले में आगमन के दौरान युवाओं ने मंच तक पहुंचकर यह मांग रखी थी, लेकिन उस समय प्रशासन ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।
इसी क्रम में बीते रोज ग्राम पंचायत दिदवारा में जिला बनाने की मांग को लेकर एक संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में क्षेत्र के युवाओं ने लवकुशनगर जिला बनाने की मांग को जोर-शोर से उठाने की रणनीति बनाई। सभा में मौजूद युवाओं ने बताया कि लवकुशनगर क्षेत्र जिला मुख्यालय से 100 किलोमीटर से भी अधिक दूरी पर है, जिसके कारण लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एक दिन में आना-जाना संभव नहीं हो पाता, जिससे आमजन को समय और धन दोनों की हानि होती है। संकल्प सभा में निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में सभी पंचायतों में ऐसी सभाएं आयोजित की जाएंगी ताकि इस मांग को और मजबूती मिल सके। सभा में प्रमुख रूप से कुंवर चौरसिया, सुमित, हर्षित सोनी, प्रताप सिंह यादव, नाथूराम अहिरवार, राकेश यादव, युगराज सिंह, निर्दोष गुप्ता, संजू यादव, संखनंदन कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।










