छतरपुर। स्कूलों से जुड़े प्राइवेट वाहनों और टैक्सियों में बच्चों को ठूस-ठूसकर ले जाने की शिकायतों पर परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाई है। बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन रही इस लापरवाही को रोकने के लिए सोमवार को परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर 24 स्कूल वाहनों की जांच की।
परिवहन अधिकारी मधु सिंह ने बताया कि जांच के दौरान 4 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई, जबकि अन्य के दस्तावेज खंगाले गए। कई वाहन बिना फिटनेस और ओवरलोड मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अधिवक्ता अनिल द्विवेदी ने बच्चों से लदी एक टैक्सी को रास्ते में रोककर चालक को समझाइश दी। इस घटना ने लोगों का ध्यान स्कूल वाहन सुरक्षा की गंभीर स्थिति की ओर खींचा है। परिवहन अधिकारी ने चेतावनी दी है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना फिटनेस और ओवरलोड वाहनों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।










