छतरपुर। मंगलवार को छतरपुर जिले में भी पुलिस विभाग का नशे से दूरी, है जरूरी जागरूकता अभियान शुरु किया गया। अभियान की शुरुआत पुलिस लाइन से रैली के साथ हुई, जिसने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा नशा मुक्ति हेतु दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई तक नशे से दूरी, है जरूरी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस लाइन में दोपहर 12 बजे रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर छत्रसाल चौराहा होते हुए महाराजा छत्रसाल विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। मार्ग में आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक करने हेतु प्रेरक नारे और बैनर प्रदर्शित किए गए। वहीं छात्र-छात्राओं, नागरिकों एवं ट्रैफिक वार्डनों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलवाई गई। एसपी अगम जैन ने बताया कि रैली का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें नशा छोडऩे हेतु प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति की सेहत को हानि पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार व समाज को भी प्रभावित करता है। इससे दूर रहना हम सभी की जिम्मेदारी है। श्री जैन ने बताया कि अभियान के तहत जिला मुख्यालय और सभी अनुविभागों में स्कूलों, गांवों और थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जन जागरूकता रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर, रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा, प्रभारी थाना कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, प्रभारी थाना सिविल लाइन निरीक्षक बाल्मिक चौबे, थाना ओरछा रोड प्रभारी उप निरीक्षक दीपक यादव, महिला सुरक्षा शाखा प्रभारी उप निरीक्षक तबस्सुम खान सहित अन्य पुलिस अधिकारी, पत्रकार, शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं, नगरवासी एवं ट्रैफिक वार्डन शामिल रहे।









