ईशानगर। थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम करीब 4 बजे एक नाले में डूबने से किशोर की मौत हो गई। बताया गया है कि मृतक अपने दोस्तों को बचाने के लिए नाले में कूदा था, जिसके बाद पानी में डूब गया। घटना पठादा पंचायत के नाथन पुरवा के पास की है, जहां से निकले नाले में नाथन पुरवा के रहने वाले कुछ लड़के नहा रहे थे। इस दौरान कुछ लड़के डूबने लगे, जिन्हें बचाने के लिए नाथन पुरवा निवासी 16 वर्षीय पंकज नागवंशी ने पानी में छलांग लगा दी। पंकज के दोस्त तो बाहर निकल आए, लेकिन पंकज पानी बाहर नहीं आ सका। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। ईशानगर थाना प्रभारी शैलेंद्र सक्सेना और होमगार्ड की टीम के साथ शाम को करीब चार घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन खराब मौसम के कारण रात में तलाश रोकनी पड़ी। मंगलवार सुबह पुन: रेस्क्यू शुरू हुआ, जिसके बाद करीब 8 बजे पंकज का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।










