छतरपुर। जिले के खजुराहो में स्थित मानव उत्थान सेवा समिति के आश्रम की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को आश्रम प्रभारी द्वारा जिला स्तरीय जनसुनवाई में आवेदन देकर आश्रम की जमीन पर अतिक्रमण किए जाने और विरोध करने पर हमला किए जाने की शिकायत की गई।
आश्रम की प्रभारी महात्मा मालती बाई ने बताया कि कुछ दबंग लोग आश्रम की जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे हैं। आश्रम द्वारा उक्त जमीन 50 लाख रुपये में खरीदी गई थी, जिसके रास्ते पर अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने बताया कि बीते रोज अतिक्रमणकारी गंगाराम पटेल, अच्छे पटेल, चरणसेवक पटेल, जगदीश पटेल, चिरोंजिया बाई, दीपक, और रिषभ ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला भी किया। विवाद के दौरान की गई धक्का-मुक्की से उनके पैर में चोट आई है। मालती बाई ने कहा कि वे सरकार से न्याय मांगने आई हैं, प्रशासन दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे और आश्रम की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराए।










