
टीकमगढ़। यहां पचेर घाट पर दोपहर बारह बजे से तमाशबीनों का मजमा लगा रहा। मछली पकडऩे गए पांच मछुआरों की सांसे उस समय थम गई, जब अचानक यहां जल स्तर बढ़ गया। पचेर घाट पर बने टापू पर इन मछुआरों के फंसे होने से घाट पर मौजूद लोग उन्हें बाहर निकालने का जतन करते नजर आए। इसी दौरान लोगों ने खरगापुर थाना प्रभारी मनोज द्विवेदी एवं पुलिस चौकी देरी प्रभारी चंदन शाक्य को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी खरगापुर मनोज द्विवेदी एवं चौकी देरी प्रभारी चंदन शाक्य पुलिस टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे।
उन्होंने यहां रेस्क्यू टीम के साथ पानी में फंसे मछुआरों को बाहर निकालने का प्रयास किया। बताया गया है कि यहां रस्सा एवं ट्यूब आदि की
मदद से धसान नदी में फंसे मछुआरों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बताया गया है कि बढ़ते जल स्तर को देखकर यहां उनके परिजनों एवं ग्रामीणों की सांसे थमी रहीं। लोग उनके सकुशल बाहर निकलने की प्रार्थना करते रहे। बताया गया है कि नदी में फंसे मछुआरों के सकुशल बाहर आते ही ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पचेर घाट पर मछली मारने आए पलेरा निवासी सुनील पुत्र सुरेश रैकवार उम्र बारह साल, सुम्मा उम्र 57 साल सहित तीन अज्ञात लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान पानी में फंसे मछुआरों की भी जान में जान आ गई। चौकी प्रभारी चंदन शाक्य ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोहित काशबानी के निर्देशन एवं थाना प्रभारी खरगापुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद पानी में फंसे लोगों को सकुशल निकालने में कामयाबी हासिल की। इस दौरान ग्रामीणों ने सभी पुलिस कर्मचारियों एवं टीम के सदस्यों का आभार व्यक्त किया है। इस दौरान श्री शाक्य ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि इन दिनों बारिश होने से नदियों का जल स्तर अचानक बढ़ रहा है। इसके साथ ही बांध का पानी भी छोड़े जाने से आसपास के गांवों में पानी का स्तर बढ़ता नजर आ रहा है। बारिश के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री काशबानी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें एवं नदियों के पास न जाएं। बाढ़ वाले इलाकों में लोग सावधानी बरतें।
बताया गया है कि इस दौरान थाना प्रभारी मनोद द्विवेदी, चौकी प्रभारी देरी
चंदन शाक्य, आरक्षक अवनीश यादव, दीपक अहिरवार, ललित, होमगार्ड सैनिक वृंदावन सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।








