मीठा। थाना क्षेत्र अंतर्गत गंज मोहल्ले में बीती रात एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार दरवारी साहू के घर में करीब रात्रि 3 बजे आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर आठ लाख रुपये से अधिक की नकदी व जेवरात लूट लिए।
परिवार की बहू ज्योति साहू ने बताया कि रात्रि में राई पिराई के बहाने दरवाजा खुलवाया गया, जैसे ही दरवाजा खोला गया, तीन बदमाश घर में घुस आए। दो बदमाशों ने कट्टा निकालकर दरवारी साहू और उनके पुत्र राकेश साहू पर तान दिए। इसके बाद दो अन्य बदमाश कार से उतरकर घर में दाखिल हो गए और गोदरेज की चाबी की मांग की। बदमाशों ने गोदरेज खोलकर उसमें रखे सोने-चाँदी के जेवर करीब छह से सात लाख रुपये मूल्य के और डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिए। इसके साथ ही बहू ज्योति के शरीर से पायल, अंगूठी, मंगलसूत्र जैसे सभी गहने उतरवा लिए। बदमाशों ने घर की अलमारी, बक्से व अन्य सामान को भी खंगाला। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश सफेद रंग की कार से छतरपुर की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर बमीठा टीआई अशुतोष श्रोतीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
इनका कहना-
गंज निवासी दरबारी लाल साहू के यहां अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी की गई है जिसमें 80 हजार रूपए नगद एवं सोने चांदी का सामान चोरी गया है। मौके पर डॉग स्क्वॉयड की टीम एवं साईबर टीम जांच कर रही है। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द इस चोरी का खुलासा हो।
आशुतोष श्रोत्रिय, थाना प्रभारी बमीठा









