
बकस्वाहा। बकस्वाहा के तपोभूमि सिद्ध क्षेत्र पड़रिया धाम स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में गुरुवार को महंत किशोरदास जू महाराज का अवतरण दिवस बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर फूल बंगला महोत्सव का भव्य आयोजन भी किया गया, जिसमें मंदिर परिसर को वृंदावन से लाए गए रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया।सुबह 4 बजे ब्रह्म मुहूर्त में वृंदावन के कारीगरों ने फूल बंगला निर्माण शुरू किया। सुबह 6 बजे महाराज श्री का अभिषेक संपन्न हुआ, जिसके बाद गऊ माता पूजन और मंगला आरती की गई। महंत श्री ने स्वयं ठाकुर जी की सेवा में भाग लिया। सागर जिले के खटोरा गांव में जन्मे संत महंत किशोरदास देव जू महाराज के अवतरण दिवस पर स्थानीय भक्तों के साथ-साथ देश के विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालु दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचे। उनके शिष्यों ने इस पावन अवसर को भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया। महोत्सव में महंत श्री राम अनुग्रह जी (अजब धाम), संत बिहारी दास, श्याम दास, जुगल दास, मनोहर दास, प्रिया दास, पुरुषोत्तम दास, राधिका दास, घनश्याम दास, गोपी दास, रमन दास, गरविली शरण, व्रजवासी बाबा सहित कई प्रतिष्ठित संतों ने शिरकत की।भजनों ने बांधा समांकार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायकों खनिज देव चौहान, पुरुषोत्तम शर्मा, सचिन खरे, राजन पायक, वीरेंद्र तिवारी, विष्णु मिश्रा, अरविंद सेन, कृष्णकांत सेन, मनोज सिंह लोधी और अन्य कलाकारों ने भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियां दीं। उनके भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया, और श्रोता भावविभोर होकर झूम उठे। वहीं महोत्सव के दौरान विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में एसवीएन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अनिल तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।15 वर्ष की आयु में अपनाया था संन्यासमहंत किशोरदास जू महाराज का जन्म 2 जून 1967 को सागर जिले के खटोरा गांव में हुआ था। उन्होंने मात्र 15 वर्ष की आयु में संन्यास ग्रहण कर तपस्या का मार्ग चुना। श्री हरिदास परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वे वृंदावन स्थित श्री गोरेलाल कुंज के महंत बने। आज उनके लाखों अनुयायी देशभर में उनके मार्गदर्शन में भक्ति और सेवा के पथ पर चल रहे हैं।









