
यातायात, नगर पालिका और विद्युत विभाग को दिए निर्देश
छतरपुर। रविवार को पुलिस लाइन परिसर के पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में कलेक्टर पार्थ जैसवाल और पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी पर्व ईद तथा अनंत चतुर्दशी की व्यवस्था को सुनिश्चित करते हुए यातायात, नगर पालिका और विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर, एसपी ने अनंत चतुर्दशी पर प्रतिमा विसर्जन और ईद-मिलाद-उन-नबीं के चल समारोह सहित अन्य कार्यक्रमों के लिए बनाई गई व्यवस्था की अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने यातायात पुलिस को यातायात व्यवस्था सक्रिय एवं निर्विघ्न रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यातायात पुलिस, नगर पालिका से समन्वय बनाकर कार्य करे। कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्थान पर मवेशियों से परेशानी न हो। वहीं लोक निर्माण विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर पुलिस एवं बचाव दलों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि विसर्जन स्थल पर एक सीमा चिन्हित की जाए और चिन्हित स्थान से आगे किसी को न जाने दिया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर मिलिंद नागदेवे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीएम अखिल राठौर, सीएसपी अमन मिश्रा, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूर्णिमा मिश्रा, यातायात प्रभारी निरीक्षक बृहस्पति साकेत, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुजूर, थाना सिविल लाइन प्रभारी वाल्मीकि चौबे, महिला थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री, सूबेदार प्रभा सिलावट सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









