छतरपुर। ग्राम खौप के आसपास के खेतों में इस समय बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। तालाब का ओना न खुलने के कारण खेतों में लगभग एक किलोमीटर तक पानी भरा हुआ है, जिससे करीब 70 से 80 किसानों के खेत पूरी तरह डूब गए हैं। खेतों में इस कदर पानी भरा है कि ग्रामीणों को नाव चलाकर आना-जाना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से तुरंत तालाब का ओना खोलने की मांग की है ताकि खेतों से पानी निकल सके और वे बुवाई कर सकें।
ग्रामीण भूपेंद्र ने बताया कि खेतों में तालाब का पानी भरा हुआ है। अगर 10 से 15 दिनों में पानी खाली नहीं किया गया तो किसान भुखमरी की स्थिति में पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि तालाब का ओना खोलने से ही राहत मिल सकती है। किसान भुग्गा यादव ने बताया कि उनकी तीन एकड़ जमीन पूरी तरह डूब चुकी है। पटवारी कुछ भी लिख नहीं रहा है, परिवार परेशान है। प्रशासन से हमारी मांग है कि खेतों से पानी खाली कराया जाए। वहीं रामस्वरूप ने कहा कि हर साल फसल बुवाई होती थी लेकिन इस बार पानी अधिक बरसने और निकासी न होने के कारण खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं। उन्होंने प्रशासन से तालाब का ओना नीचे कराने की मांग की है ताकि पानी निकले और किसान समय पर बुवाई कर सकें। इस मौके पर भूपेन्द्र प्रताप सिंह, भुग्गा यादव, रामस्वरूप शिवहरे, करोड़ी कुशवाहा, रघुनाथ सिंह, प्यारेलाल कुशवाहा, परशु कुशवाहा एवं हरेन्द्र राजा मौजूद रहे









