
एसपी के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंचा पीडि़त
छतरपुर। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक विकलांग युवक ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि शराब कंपनी के गुंडे उसके घर में घुसकर पत्नी से 50 हजार रुपए छीन ले गए हैं। उसके द्वारा घटना की शिकायत थाने में की गई थी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। आवेदन देकर युवक ने कार्रवाई की मांग की है।भगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पटिया निवासी विकलांग कमलेश पुत्र गोटी यादव ने बताया कि वह गांव में किराने की दुकान संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। गत 13 अगस्त को वह जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई में अपनी समस्या का आवेदन देने आया था, घर पर उसकी पत्नी पार्वती यादव अकेली थी। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे दो कारों में सवार शराब कंपनी के करीब एक दर्जन गुंडे उसके घर पहुंचे। उक्त लोगों का कहना था कि कमलेश अपनी दुकान से शराब बेच रहा है इसलिए पैसे देना होंगे। जब कमलेश की पत्नी पार्वती यादव ने शराब बेचने की बात से मना किया तो उक्त लोग जबरन घर के भीतर घुसकर तलाशी लेने लगे। कमलेश का आरोप है कि इसी दौरान उक्त गुंडों ने पत्नी से चाबी छीनकर बक्से में रखे 50 हजार रुपए और पत्नी के गहने निकाल लिए और रिपोर्ट करने पर जाने से मारने की धमकी देकर भाग गए। कमलेश के घर पहुंचने पर उसकी पत्नी ने पूरी घटना बताई, जिसके बाद कमलेश रिपोर्ट दर्ज कराने भगवां गया। कमलेश का आरोप है कि भगवां थाने में उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई है।









