
निर्वाचन के दौरान खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के ग्राम गंज में मतदान के दौरान ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि यहां तैनात एक सेक्टर अधिकारी के द्वारा उन मतदाताओं को भी मतदान करने से रोका जा रहा है जिनके पास पूरे दस्तावेज हैं। ग्रामीणों के विरोध के कई भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा के नेता एवं जनपद उपाध्यक्ष पुष्पेन्द्र अवस्थी ने भी जनता के साथ धरने पर बैठकर नारेबाजी की। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि मतदान केन्द्र क्रमांक 206 एवं 207 में तैनात सेक्टर प्रभारी साजिदा कुरैशी मतदाता पर्ची होने के बावजूद लोगों को मतदान करने नहीं दे रही हैं। यह खबर फैली तो भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह गौतम भी पहुंचे और उन्होंने भी इस घटना का जमकर विरोध किया और कलेक्टर से भी मामलेे की शिकायत की। बाद में कलेक्टर, एसपी ने मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश कर जायज दस्तावेज वाले सभी मतदाताओं से मतदान कराया।








