
छतरपुर। अलीपुरा थाना क्षेत्र में पुरानी बुराई के चलते चार युवकों द्वारा बाईक से जा रहे पिता-पुत्र का रास्ता रोककर मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है। घायल पिता को नौगांव अस्पताल से गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।ग्राम टीला निवासी बाबूलाल पुत्र सुग्गी यादव उम्र 53 वर्ष ने बताया कि वह अपने 25 वर्षीय पुत्र दिलीप के साथ रविवार की सुबह करीब 9 बजे नौगांव जा रहा था तभी बडग़ांव तिगैला पर पहले से घात लगाए बैठे गांव के खिल्लू, दिब्बू, बेटू और हल्कू विश्वकर्मा ने उनका रास्ता रोककर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मारपीट में बाबूलाल के सिर में तथा उसके बेटे दिलीप के हाथ में चोट आई है। घटना को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से भाग निकले। बाबूलाल के मुताबिक करीब 10 पूर्व एक मामले में उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस का साथ दिया था, जिसको लेकर आरोपी बुराई मानते हैं। संभवत: इसी बुराई के चलते मारपीट की गई है। फिलहाल बाबूलाल की शिकायत पर अलीपुरा पुलिस ने मामले की विवेचना शुरु कर दी है। वहीं घायल बाबूलाल को गंभीर अवस्था में नौगांव से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।








