
छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गर्रोली में गत रोज एक अधेड़ व्यक्ति और उसके भाई ने जब अपने खेतों में घुसे मवेशियों को भगाया तो गांव के ही कुछ लोगों ने दोनों के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल हुए दोनों भाईयों को नौगांव अस्पताल ले जाया गया था जहां से बड़े भाई को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गर्रोली निवासी कमाता प्रसाद पुत्र घनश्याम प्रजापति उम्र 55 वर्ष ने बताया कि बीते रोज उसके खेत में मवेशी घुस रहे थे और उसने मवेशियों को भगा दिया था। इसके बाद रात करीब 10 बजे जब वह अपने भाई दीनदयाल उम्र 45 वर्ष के साथ खेतों की रखवाली कर रहा था तभी गांव के सुखदयाल, हरचरण , गोवर्धन और अखिलेश कुशवाहा ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और छुरे से उनके ऊपर हमला कर दोनों को घायल कर दिया। कामता के मुताबिक घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। किसी तरह दोनों भाईयों ने परिजनों को सूचना दी जिसके बाद परिजन दोनों को गर्रोली चौकी लाए। जब गर्रोली चौकी पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं ली तो पीडि़त परिवार नौगांव थाने पहुंचा। थाने में शिकायत करने के बाद दोनों को नौगांव के अस्पताल ले जाया गया और वहां प्राथमिक इलाज किए जाने के बाद कामता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।








