छतरपुर। महावीर जयंती के पावन अवसर पर जैन समाज ने बड़े उत्साह के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा कोतवाली के समीप स्थित जैन मंदिर से शुरू हुई। यात्रा छत्रसाल चौराहे से होते हुए मेला ग्राउंड स्थित जैन मंदिर पहुंची, जहां प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रवचन के बाद शोभायात्रा पुन: शुरू हुई और जवाहर रोड बस स्टैंड, चौक बाजार होते हुए वापस कोतवाली के समीप स्थित जैन मंदिर में जाकर संपन्न हुई।रास्ते भर जगह-जगह स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। यात्रा में जैन समाज के महिलाओं, बच्चों और युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।जैन समाज के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार जैन ने बताया कि महावीर जयंती के उपलक्ष में इस वर्ष शोभायात्रा बड़ी ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांतों- अहिंसा, सत्य, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह को अपनाने का संदेश इस शोभायात्रा के माध्यम से पूरे शहर में पहुंचा। शोभायात्रा में जैन समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और भक्तजन शामिल हुए।










