चंदला। चंदला बस स्टैंड में अवैध अतिक्रमण और निर्माण कार्य रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बढ़ती आबादी और बसों की संख्या के बावजूद बस स्टैंड का क्षेत्रफल लगातार संकुचित हो रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे बैठे हैं। मीडिया में मामला उजागर होने के बाद जिला कलेक्टर के निर्देश पर स्थानीय अधिकारियों ने सिर्फ हिदायत दी थी, जिससे कुछ दिनों के लिए कार्य रुका, लेकिन अब फिर धड़ल्ले से निर्माण शुरू हो गया है।नगर के सीमित दायरे में स्थित बस स्टैंड पहले से ही संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। आबादी बढऩे के साथ यहां बसों की संख्या रोजाना बढ़ रही है, जिसके लिए विस्तार की जरूरत है, मगर अतिक्रमणकारियों द्वारा दिवालें खड़ी कर क्षेत्र छोटा किया जा रहा है। पिछले दिनों मीडिया रिपोर्ट के बाद कलेक्टर के आदेश पर नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अतिक्रमणकारियों को निर्माण रोकने के निर्देश दिए थे। मामला ठंडा पड़ते ही अतिक्रमणकारियों ने फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया।निकाय जिम्मेदार बेफिक्रइस पूरे मामले में नगर परिषद की लापरवाही साफ नजर आ रही है। कलेक्टर के फरमान पर महज औपचारिकता निभाई गई, लेकिन अब जब निर्माण कार्य फिर से तेज हो गया है, तब भी जिम्मेदार अधिकारी बेखबर बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण करने वाली महिला चंदला के वार्ड 15 में आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर तैनात है, जबकि उसका भाई नगर परिषद में कर्मचारी है। इसी वजह से प्रशासन इन पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा। लोगों ने कहा कि यदि यही निर्माण कोई गरीब व्यक्ति कर रहा होता, तो उसके खिलाफ तुरंत बेदखली की कार्रवाई और एफआईआर दर्ज हो चुकी होती।










