छतरपुर। जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविन्द्र सिंह की सहमति से जिला अधिवक्ता संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिला न्यायालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में नगरपालिका छतरपुर का भी सहयोग रहा।नवनियुक्त अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष लखन लाल दुबे, सचिव अनिल द्विवेदी, सह सचिव सुरेन्द्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष पटैरिया, ग्रन्थपाल मुकेश बाजपेई, महिला उपाध्यक्ष रश्मि यादव सहित समस्त पदाधिकारियों व बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अभियान में सहभागिता की। स्वच्छता अभियान के दौरान न्यायालय परिसर से करीब 4 ट्रैक्टर कचरा बाहर निकाला गया। साथ ही अधिवक्ताओं के सभी चेम्बरों, बाथरूम एवं शौचालयों की साफ-सफाई नगरपालिका कर्मचारियों के सहयोग से कराई गई।अधिवक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित न्यायालय परिसर न केवल कार्य वातावरण को बेहतर बनाता है, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया को भी अधिक प्रभावी और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने कहा कि बार एवं बेंच के बीच मधुर, सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए निरंतर सार्थक प्रयास किए जाएंगे। अधिवक्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों के हित में हरसंभव कार्य किए जाएंगे तथा स्वच्छ वातावरण से न्यायिक कार्यों में गति और पारदर्शिता आएगी।










