छतरपुर। राजनगर के मोहम्मद लुकमान (19) ने अपने परिवार पर लगातार हो रहे अत्याचारों और जान से मारने की धमकियों को लेकर सोमवार को एसपी कार्यालय में आवेदन दिया है। पीडि़त का आरोप है कि थाना राजनगर में शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पीडि़त के अनुसार 23 नवंबर 2025 की रात करीब 10 बजे आरोपी छोटे राजा ने उसके भाई मोहम्मद गुलफाम के फोन पर कॉल किया, जिसे लुकमान ने रिसीव किया। फोन उठाते ही आरोपी गाली-गलौज करने लगा और दुकान बंद करने की धमकी देते हुए कहा कि दुकान में कोई मिला तो पाँच मिनट में जान से खत्म कर दूँगा। पीडि़त ने बताया कि बात यहीं तक नहीं रुकी। रात सवा 10 बजे आरोपी छोटे राजा अपने साथियों अतुल चौरसिया और अजय कश्यप के साथ उसके घर पहुंचा और बाहर खड़ी अल्टो कार पर ईंट मारकर आगे का शीशा तोड़ दिया। तोडफ़ोड़ की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग पीडि़त के पास मौजूद है। घटना के बाद डायल-112 मौके पर पहुंची, कार की फोटो ली और लुकमान को थाने लेकर गई। लेकिन थाने में रात में शिकायत लेने से मना कर दिया गया और सुबह आने को कहा गया। सुबह जब लुकमान दोबारा थाना राजनगर पहुँचा तो थाना प्रभारी ने उसके आवेदन और एफआईआर दोनों लेने से इनकार कर दिया। पीडि़त का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं, इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। पीडि़त ने एसपी से मांग की है कि थाना राजनगर को निर्देशित कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई कराई जाए, ताकि उसके परिवार के साथ किसी प्रकार की अनहोनी न हो।









