छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र के कटरा गांव में हुए दोहरे सनसनीखेज मामलों का खुलासा न होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। सोमवार को ग्रामीणों और मृतक परिवार के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर एक लिखित आवेदन दिया तथा पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की।ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि 28 अक्टूबर 2025 को ग्राम कटारा के नीलेश पाल की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर उसका शव गांव के बाहर गुड़पारा रोड पर फेंक दिया गया था। सटई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया था। इसी घटनाक्रम के दो दिन बाद नीलेश के पिता रामकृपाल पाल का शव उनके ही खेत में फांसी पर लटका हुआ मिला था।परिजनों का कहना है कि रामकृपाल पाल ने स्वयं फांसी लगाई थी या उनकी भी हत्या कर फंदे पर लटकाया गया, इस बात की आज तक कोई स्पष्ट जांच नहीं हुई है। परिवार और ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो हत्या के आरोपियों का कोई सुराग लगा पाई है, न किसी संदिग्ध से पूछताछ की गई और न ही किसी गिरफ्तारी की कार्रवाई हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि यह एक सनसनीखेज और भयावह घटना थी, जिससे पूरा गांव दहशत में है, लेकिन पुलिस की ढीली जांच के कारण मामले का रहस्य अभी भी बरकरार है।ग्रामीणों और परिजनों ने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए, सटई थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, हत्या तथा संदिग्ध आत्महत्या दोनों घटनाओं का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही से आरोपी खुले घूम रहे हैं और पीडि़त परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही खुलासा नहीं किया गया, तो गांव में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।










