छतरपुर। शिक्षा विभाग में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटरों का पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है। दीपावली से पहले भुगतान का आदेश होने के बावजूद कर्मचारी आर्थिक संकट में हैं। बुधवार को कंप्यूटर ऑपरेटर महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वेतन, कर्मचारी भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, बोनस और उच्च कुशल श्रेणी वेतन की मांग की।महासंघ के जिलाध्यक्ष जीतू चौधरी ने बताया कि जिले के उन्नयन उच्च और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में आठ वर्षों से कार्यरत ऑपरेटर काम कर रहे हैं। अन्य जिलों में वेतन का भुगतान हो चुका है, लेकिन छतरपुर में वेतन प्रभारी कमलेश खरे की लापरवाही से नहीं हुआ। ज्ञापन में कहा गया कि परिवार का भरण-पोषण असंभव हो रहा है और सामाजिक परिवेश में जीवन यापन मुश्किल हो रहा है। मुख्य मांगें चार माह का बकाया वेतन, कर्मचारी भविष्य निधि, कर्मचारी राज्य बीमा, बोनस और श्रम विभाग आदेशानुसार उच्च कुशल श्रेणी वेतन हैं।










