छतरपुर। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र में करवा चौथ पर रिश्तेदारी में आया एक युवक ग्रामीणों के शक का शिकार हो गया। ड्रोन उडऩे की अफवाहों से डरे गांव के लोगों ने युवक को चोर समझकर न केवल पकड़ लिया बल्कि उसे खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा।
जानकारी के अनुसार फूल सिंह प्रजापति निवासी गुलाट थाना बिजावर जो पुणे में मजदूरी करता है, करवा चौथ पर अपनी छोटी बहन चंदा और बड़ी बहन कुसुम के घर मातगुवां आया था। रात में शौच के लिए बाहर गया तो मोबाइल की रोशनी देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। गांव में बीते दिनों से ड्रोन उडऩे की घटनाओं के चलते लोग पहले से सतर्क थे। ग्रामीणों ने उसे अज्ञात व्यक्ति समझकर पकड़ लिया और राधे, सोनू, राजेश सहित करीब 50 लोगों ने युवक के साथ लात-घूंसों और डंडों से जमकर मारपीट की। इसके बाद बिजली के खंभे से हाथ-पैर बांधकर पीटा गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई, लेकिन आश्चर्य की बात यह रही कि मारपीट की शिकायत दर्ज नहीं की गई। युवक की पीठ पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।
ड्रोन के डर से मारपीट
गांव के लोगों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से रात में गांव के ऊपर ड्रोन उड़ते देखे जा रहे हैं। पुलिस भी जांच में जुटी है लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसी डर के कारण गांव के लोग रात में निगरानी कर रहे हैं। मोबाइल की रोशनी देखकर ग्रामीणों ने उसे ड्रोन या चोर समझ लिया और बिना कुछ सुने पिटाई कर दी।
मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि पीडि़त युवक द्वारा कुछ लोगों के नाम बताए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पीडि़त फूल सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।









