छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नौगांव रोड पर जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई छीना-झपटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। इस मामले में पीडि़त पक्ष ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीडि़ता मालती चौरसिया ने बताया कि उनके परिवार की जमीन पर आनंद चौरसिया और ललित चौरसिया द्वारा जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि यह जमीन पिछले 25 वर्षों से उनके कब्जे में है, लेकिन उनके चाचा ने बिना जानकारी दिए जमीन बेच दी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। पीडि़ता ने बताया कि परिवार का सोना-चांदी भी चाचा के पास रखा हुआ है और उसी आधार पर वे दुकान पर कब्जा किए हुए हैं। वायरल वीडियो में ललित और आनंद चौरसिया को मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। पीडि़ता के अनुसार जब वह थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं तो पुलिस ने अगले दिन आने को कहा। न्याय की गुहार लेकर पीडि़ता शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंची, जहां एसपी ने मामले को कोतवाली थाने जाने की बात कही।










