हरपालपुर। थाना क्षेत्र के इमलिया गांव में बीते रोज एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें एक महिला और मासूम बच्चे की मौत हो गई। बताया गया है कि मृतक महिला और बच्चा गांव के एक कीचड़ भरे रास्ते से गुजर रहा था। इसी रास्ते में एक स्थान पर विद्युत तार टूट गया और पूरी गली में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से महिला और बच्चे की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 48 वर्षीय चंडी राजपूत पत्नी बिहारी लाल राजपूत निवासी शिक थाना पलेरा जिला टीकमगढ़ रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाई को राखी बांधने के लिए इमलिया गांव आई थी। बीते रोज वह खेतों के बीच मौजूद कीचडय़ुक्त कच्चे रास्ते से गुजर रही थी। उसके साथ इमलिया निवासी शनि बाल्मीक का 7 वर्षीय पुत्र राज बाल्मीक भी चल रहा था, तभी एक विद्युत तार टूटकर सड़क पर गिर गया। तार का करंट रास्ते में पानी तथा कीचड़ होने से फैल गया और इसी की चपेट में आने से चंडी तथा राज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए नौगांव सीएचसी भेजा। वहीं गांव के लोगों ने बताया कि बिजली की जर्जर और झूलती लाइनों के बारे में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि कार्रवाई हो जाती तो इतना बड़ा हादसा होने से बच सकता था।










