चंदला। थाना क्षेत्र के ग्राम लोधनपुरवा में एक मंदिर के पुजारी की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही और तीन अन्य नाबालिगों को भी हिरासत में लिया है। बताया गया है कि आरेापियों ने मंदिर में चोरी के इरादे से पुजारी पर हमला किया था और बाद में इलाज के दौरान पुजारी की मौत हो गई थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार को चंदला पुलिस को लोधन पुरवा के मंदिर में घायल व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत चिकित्सा संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची और घायल की पहचान पुजारी मइयादीन अहिरवार के रूप में की। भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर पुजारी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी गई। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने साक्ष्य और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर पूछताछ की। जांच में पता चला कि चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे आरोपियों ने पुजारी पर पत्थर से हमला किया। मुख्य आरोपी कुबेर पुत्र कालका प्रसाद राजपूत निवासी लोधनपुरवा को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, और विवेचना जारी है।









