छतरपुर। नौगांव के करीब दो सैकड़ा युवाओं ने बुंदेलखंड का केदारनाथ कहे जाने वाले जटाशंकर धाम तक करीब 84 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा आयोजित की, जिसे भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर और कर्नल सोफिया कुरैशी सहित सभी जवानों के शौर्य को समर्पित किया गया।
कांवडिय़ों ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर का नेतृत्व करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी के बचपन का कुछ समय नौगांव में बीता है, जो कि हमारे लिए गर्व का विषय है। कर्नल कुरैशी सहित संपूर्ण भारतीय सेना के सम्मान में इस यात्रा को ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित किया गया है। यात्रा के दौरान कांवडि़ए ऑपरेशन सिंदूर के बैनर और पोस्टर साथ लेकर निकले। यात्रा नौगांव से शुरू होकर जटाशंकर धाम पहुंची, जहां युवाओं ने जल अभिषेक किया और कलश में जल लेकर वापस लौटे। इस दौरान उन्होंने पहलगाम हमले में शहीद हुए 26 लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी गई की। यात्रा में शामिल युवाओं ने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और सेना के प्रति सम्मान का प्रतीक है।









